Tuesday 16 June 2020

ब्रेकिंग न्यूज़ दिखाने की होड़ में,बेशर्म होती पत्रकारिता

0 comments
बात 2006 की है,प्रमोद महाजन के भाई ने उन्हें गोली मार दी थी और वो अस्पताल में भर्ती थे | मुझे जहाँ तक याद है,एक चैनल के एंकर ने अस्पताल के बाहर खड़े रिपोर्टर से पूछा था कि प्रमोद महाजन को कितने पर्सेंट Injury है ? रिपोर्टर को जवाब देते नहीं बन रहा था कि वो सामान्य ज्ञान को सार्वजनिक अवकाश पर भेजकर ऐंकरिंग करने वाली एंकर को क्या जवाब दे क्योंकि गोली लगने में इंजुरी तो नहीं होती है |
                                                      खैर वो 2006 का दौर था और ये 2020 है | देश मनमोहन से मोदी के दौर में आ चुका है | इस अंतराल में हमारा मीडिया कितना बदला है ? क्या वो परिपक़्व हो गया ? क्या वो इंजुरी और गोली लगने के फर्क को समझने लगा है ? इसकी बानगी गाहे बगाहे चैनल वाले खुद ही देते रहते हैं |
                                                               युवा प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर एक चैनल की एंकर फंदे का रंग बता रही थी और नीचे टिकर चल रहा था पटना का लड़का मुंबई में कैसे हुआ हिट विकेट | ऐसे कैसे हिट विकेट हो गए सुशांत ? चैनल और उसके पत्रकार ऐसी बेशर्मियों की नुमाइश करते रहते हैं | संवेदना,शर्म हया को धता बताते हुए जब सब कुछ टीआरपी से मूल्यांकित होने लगे तो ऐसे दौर में पत्रकार और पत्रकारिता से किसी ऊँचे मानदंडों की उम्मीद करना बेमानी है | पेड न्यूज़,पीत पत्रकारिता आदि के आरोपों के बावजूद प्रिंट मीडिया अभी इस तरह की बेशर्म और अंधी दौड़ से कमोबेश मुक्त हैं | पर चैनल टीआरपी की इस अंधी दौड़ में इतना गिर चुके हैं कि जहाँ से आगे सिर्फ मुर्दे के मुँह में माइक लगाकर ये पूछना बाकी रह गया है कि बताइये मरते वक्त आपको कैसा लगा ?



                                            हमारा विशाल लोकतांत्रिक मुल्क,मूल्य वाक् स्वतंत्रता को ज्यादा तवज्जो देता है शायद इसलिए इनलोगों पर कोई करवाई नहीं होती |  पश्चिमी देशों में पत्रकारों,चैनलों की ऐसी शर्मनाक रिपोर्टिंग पर तुरंत कारवाई होती है | पर हमारे यहाँ बहुत सी ढपोरशंखी संस्थाओं की तरह न्यूज़ चैनलों की भी एक स्व नियमन संस्था है News Broadcasters Association, जो साल में एक बार कुम्भकर्णी नींद से जागकर एक आध चैनल को नोटिस भेज देता है बस |
                          टीआरपी के लिए घुटने भर पानी में जाकर बाईट लेने वाले,चुल्लू भर पानी में डूबकर मर जाने वाले ऐसे चैनल और पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहना हमारे गौरवशाली लोकतंत्र का अपमान ही है |
                                         हमारे यहाँ के चैनल नारद मुनि की तरह दुनिया भर के दुःख दर्द को अपने अधकचरे ज्ञान में लपेट कर चटकारे लगाते हुए दिखाकर खुद को पत्रकारिता की अग्नि में अपने मूल्यों और ईमानदारी की आहुति देने का स्वांग रचते हैं,लेकिन इनके अपने संस्थानों में जो कर्म,कुकर्म काण्ड होते हैं उनपर ये आँख मूंद लेते हैं | कोरोना काल में सैकड़ों पत्रकारों को नौकरी से निकाल दिया गया पर क्या मजाल कि इसपर किसी चैनल ने दंगल किया हो देश की सबसे बड़ी बहस में इस मुद्दे को जगह दी हो या फिर विरोध में टेलीविज़न स्क्रीन काला किया हो | दरअसल ऐसा करने पर इनके निर्लज्ज माई बाप इन्हें तुरंत अलविदा कह देंगे दूसरे पत्रकारिता के इस हम्माम में सभी नंगे हैं |
          सोशल मीडिया पर ये भले आपस में लड़ें,झगड़ें एक दूसरे को आइना दिखाएं पर जब बात चैनल की और ऐसे मुद्दों की आती है तो सब चुप हो जाते हैं क्योंकि सबको पता है कि वो वैचारिक रूप से निर्वस्त्र हैं | दूसरे किसी संस्थानों में कर्मचारियों पर हुए अन्याय,महिला उत्पीड़न पर ये उनके तब तक सबसे बड़े रहनुमा बनकर खबर चलाते दिखाते हैं जब तक कि उससे बड़ी कोई खबर इन्हें न मिल जाए |
                                                           पुराने ज़माने में नवाब मुर्गे की लड़ाइयां देखा करते थे,लोग ताली बजाते,उनका मनोरंजन होता | आज रोज शाम कुछ चैनलों पर सबसे बड़ी बहस के नाम पर लोगों को लड़ाया जाता है |  एंकर और चैनलों के लिए,संवेदना,संयम,मूल्य,नैतिकता जैसी चीजें कोई मायने नहीं रखती | अब सब कुछ लाइव,एक्सक्लूसिव,ब्रेकिंग,सबसे तेज,सबसे निष्पक्ष, जैसी भौंडी चीजों पर आकर टिक गया है | क्या हिंदी और क्या अंग्रेजी सब एक से हो गए हैं | अब जन सरोकार की पत्रकारिता तो दिवास्वप्न से लगती है | प्रभाष जोशी,मृणाल पांडे,एस पी सिंह,जैसे सच्चे पत्रकार तो अब लालटेन लेकर ढूंढने से भी नहीं मिलेंगे |

                                                             जब देश में टीवी पत्रकारिता नई नई थी चैनल कम थे प्रतिस्पर्धा कम थी | तब ये सांप बिच्छू,तंत्र मंत्र,राखी सावंत,योग,भोग,रोग जैसी ख़बरों को दिखाकर लोगों  मनोरंजन करते थे | इन पर कई बार नकेल कसने की कोशिश भी हुई पर इनका तर्क था कि अभी हम शैशवावस्था में हैं हमें परिपक़्व होने में समय लगेगा,हम अपना नियमन स्वयं करेंगे | पर समय बीतने के साथ नतीजा सिफर रहा |  जल्द ही इन्होंने यह साबित कर दिया कि क्यों टीवी को बुद्धू बक्सा कहा जाता है | असल में इन्होंने खुद को चीयर लीडर (महिला,पुरुष दोनों ) की तरह बना लिया है | जैसे मैच में चौके,छक्के पर चीयर लीडर उछलती,कूदती मनोरंजन करती है और सामान्य मैच में शांत खड़ी | उसी तरह किसी बड़ी खबर के आने पर सारे चैनल टूट पड़ते हैं |
                                                            कोई भी संस्था स्थापित होती है,पुष्पित पल्लवित होती है,परिपक़्व होती है,उसका स्वर्णिम काल होता है | पर हमारे यहाँ समाचार चैनल आए,धीरे धीरे इनकी भीड़ बढ़ी और सबसे तेज दिखने,दिखाने की होड़ में ये खुद के साथ साथ पत्रकारिता को भी विकृत करते चले गए | अब इनकी विश्वसनीयता वहाँ पहुँच चुकी है जहाँ से सब कुछ अंधकारमय दिखता है | शुक्र है इनकी हस्ती,पस्ती लिजलिजे पन को सोशल मीडिया ने थोड़ा आईना दिखाने का काम किया है |
 यह विडंबना ही है इतने बड़े विशाल लोकतंत्र ने आजादी के बाद कुछेक काल खंड को छोड़कर कभी पत्रकारिता का स्वर्णिम युग नहीं देखा | अब जबकि चैनल,पत्रकार,पत्रकारिता के मूल्यों से दूर जा रहे,लोग भी टीवी देखने से कतरा रहे | आगे हो सकता है कोई मसीहा आए जो स्वर्णिम कल दिखाए पर अभी तो,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,, 

No comments:

Post a Comment