Sunday 8 January 2017

ओमपुरी,एक शानदार प्रतिभा,जिनकी हमने कद्र नहीं की

0 comments
एक शानदार कलाकार जब ताउम्र अपने अंदर की प्रतिभा को दिखाने के लिए मौके का इंतजार करते-करते चिर निद्रा में लीन हो जाए तो इस विडंबना को कला के कद्रदानों पर करारा तमाचा कहा जाना चाहिए | ओम पुरी उन्हीं बदनसीब जहीन कलाकारों में से एक थे जिसकी क़द्र बॉलीवुड ने नहीं की | वजह क्योंकि वो परदे पर केवल अपने किरदार को जीना जानते थे | मायानगरी में उन्हें हमेशा दोयम दर्जे और छोटे-मोटे काम शायद इसलिए मिलते रहे क्योंकि उन्हें ना तो शाहरुख की तरह ओवरएक्टिंग आती थी ना वो सलमान की तरह शरीर दिखा सकते थे | और उससे भी बड़ी वजह उनपर एकाध को छोड़कर,मायानगरी के दिग्गज निर्देशकों ने भरोसा नहीं जताया | ऐसा नहीं है कि उन्हें फिल्में नहीं मिलती थी,उन्हें बहुत सारी व्यवसायिक फिल्मों में काम मिला लेकिन फिल्मों की पटकथा उनकी प्रतिभा को देखकर शायद ही कभी लिखी गई | शायद वो स्विट्ज़रलैंड की हसीन वादियों में कैमरे को शूट नहीं करते थे | लेकिन खुदा ने उन्हें जो सूरत  बक्शी थी इसमें उनकी क्या गलती थी |
ओमपुरी साहब शायद भूल गए थे कि मायानगरी में गोरी चमड़ी और कमनीय काया की माया ही चलती है या फिर आपका कोई गॉडफादर हो | जरा सोचिये अगर डेनजेल वाशिंगटन,मॉर्गन फ्रीमैन जैसे महान कलाकार बॉलीवुड में अपने लिए संभावनाएं तलाशते तो आज वो किस गुमनामी या संघर्ष में जी रहे होते |
                                                                   गलती शायद ओम पुरी की भी थी क्योंकि जब ओम शांति ओम,रा वन,हैप्पी न्यू ईयर,बॉडीगार्ड,रेडी जैसी वाहियात फिल्में 100 करोड़ी क्लब में शामिल होनी शुरू हो गई तभी उन्हें समझ जाना चाहिए था कि हम कला नहीं किसी और चीज का सम्मान करते हैं | कुछ समय पहले ही ओम पूरी साहब ने कहा था कि अगर मुझे कुछ दिनों और बॉलीवुड में काम ना मिला तो मुझे रिटायर होना पड़ेगा,यह उनका आक्रोश नहीं उनकी बेबस बयानी थी |  संघर्ष करते-करते उनकी आस्था डगमगा गई थी | वरना ओमपुरी जैसे कलाकार को मलिका शेरावत के साथ डर्टी पॉलिटिक्स करनी पड़े,यह तो हद की पराकाष्ठा थी | 
                                                                          ओमपुरी साहब यह संदेश छोड़कर गए कि मायानगरी में अगर आप सिर्फ शानदार अभिनय के दम पर अपना मुकाम बनाना चाहते हैं तो ताउम्र ऐसे ही संघर्ष करते रहेंगे | एक्टिंग के लिए आपके अंदर वो सारी प्रतिभाएं होनी चाहिए जिसका एक्टिंग से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है | और जिनके अंदर ये सारी प्रतिभाएं हैं वो आज सुपरस्टार बने इतरा रहे हैं | 

No comments:

Post a Comment